Chandauli | शिक्षा
चंदौली। चंदौली में एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी।

जिले के खुरहट गांव के पास बीएंडबी स्कूल खजरा की बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खेत में जा गिरी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बस से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस भी पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।

बस में लगभग 25 बच्चे सवार थे, जिनमें से 12 घायल बताए गए हैं। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बस पहले से खराब थी और इस तरह की यह तीसरी घटना है।