Kawardha | शिक्षा

सीजी पीएससी की परीक्षा संपन्न, इस जिले में 393 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा, प्रशासन ने शांतिपूर्ण संचालन का किया दावा

कवर्धा। फरवरी में आयोजित छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा कबीरधाम जिले में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिले में इसके लिए कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने आयोग के सदस्य डॉ. प्रवीण वर्मा कबीरधाम पहुंचे और शासकीय राजमाता विजया राजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय स्थित केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रुचि शार्दूल भी मौजूद रहीं।
जिले के पांचों केंद्रों पर कुल 2220 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1827 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली (सुबह 10 से 12 बजे) में सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र हुआ, जिसमें 1857 अभ्यर्थी उपस्थित और 363 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली (दोपहर 3 से 5 बजे) में तार्किक क्षमता का प्रश्नपत्र आयोजित हुआ, जिसमें 1827 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 393 अनुपस्थित रहे।
केंद्रवार उपस्थिति इस प्रकार रही— आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शा. पीजी कॉलेज में 505, शासकीय राजमाता विजया राजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय में 204, स्वामी करपात्री जी शा. हायर सेकंडरी स्कूल में 464, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 324 तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल में 330 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

सीजी पीएससी परीक्षा, 2026

सीजी पीएससी की परीक्षा संपन्न, इस जिले में 393 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग