चिरमिरी । विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर (एमसीबी) जिले से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने नोएडा से वर्चुअल माध्यम से की, वहीं छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय शुभारंभ एमसीबी जिले से किया जाना जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए की। उन्होंने बताया कि देश टीबी उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह 100 दिवसीय विशेष अभियान उसी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अभियान के दौरान संभावित मरीजों की पहचान, जांच और उपचार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि टीबी मुक्त भारत बनाने में जनभागीदारी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश टीबी उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य तय समय से पहले टीबी को समाप्त करना है।
उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर 2024 से 24 मार्च 2025 तक चले अभियान में 4113 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। इस दौरान मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की 118 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को उत्कृष्ट कार्य के लिए गांधी जी की प्रतिमा एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।