जांजगीर। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक क्रेटा कार, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट व क्रेडिट कार्ड, आधार-पैन कार्ड और नकदी बरामद हुई। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।
प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन उम्र 38 वर्ष ने 30 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देवनाथ से 2021 में हुई थी, जिसने अधिक मुनाफे और प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर निवेश कराया तथा अन्य लोगों को जोड़ने पर कमीशन देने का भी झांसा दिया।
पीड़ित आरोपी के झांसे में आकर स्वयं तथा अन्य लोगों से कुल 8 करोड़ 45 लाख रुपये नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश करा बैठा। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने कुछ निवेशकों को 8 माह तक और कुछ को 1-2 माह तक 5 प्रतिशत मासिक ब्याज भी दिया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा और उन्होंने बड़ी रकम लगा दी।
बाद में आरोपी ने कंपनी में घाटे का हवाला देकर भुगतान टालना शुरू कर दिया और एकमुश्त राशि लौटाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन अंततः मुकर गया। शिकायत के आधार पर चांपा थाने में विश्वजीत देवनाथ व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने स्वीकार किया कि ठगी की रकम से क्रेटा कार खरीदी, सोना लिया, घर की पुताई कराई और कुछ सोना बैंक में जमा किया। उसके कब्जे से एक कार, 12 चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
