मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 78 साल की एक बुजुर्ग महिला को बिजली बिल में नाम बदलवाने के बहाने ठगों ने अपना शिकार बना लिया. इस ठगी में महिला के बैंक खातों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम उड़ा ली गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अंधेरी के फोर बंगला इलाके में रहती हैं. उन्होंने 10 मार्च को अपने बिजली कनेक्शन में नाम बदलवाने के लिए आवेदन किया था. इसके अगले दिन वह अपने रिश्तेदारों से मिलने केरल चली गई थीं. इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बिजली कंपनी का कर्मचारी बताया.
ठग ने महिला से कहा कि नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का भुगतान करना होगा. महिला ने खुद बाहर होने की बात कहकर अपनी घरेलू सहायिका से बात करने को कहा. इसके बाद ठग ने दोनों को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ लिया और ई-केवाईसी के नाम पर एक APK फाइल व्हाट्सऐप पर भेज दी. जैसे ही महिला ने वह फाइल डाउनलोड की, ठग ने उनके मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लिया. इसके बाद उसने महिला से वैरिफिकेशन के नाम पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी और पासवर्ड पूछ लिया. कुछ ही देर में महिला के बैंक खातों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली गई.