नगरपालिका अध्यक्ष सहित 3 पर FIR मेड़ तोड़कर तालाब से पानी बहाने का मामला

जांजगीर-चांपा। बिना अनुमति तालाब का पानी बहाने के मामले में अकलतरा नगरपालिका की अध्यक्ष पर सीधे एफआईआर दर्ज कर दी गई है। नगर पालिका के सीएमओ संजय सिंह की शिकायत पर नगरपालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी, वार्ड 17 की पार्षद रुक्मिणी देवी वैष्णव और वार्ड 9 के पार्षद पति विवेक सिंह बैस के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

यह तालाब हर साल लोगों के लिए मुख्य जल स्रोत होता है

 

तालाब खाली करना परेशानी का सबब बना


बीते 16 मार्च को जेसीबी मशीन से गोपिया तालाब की मेढ़ काट दी गई, जिससे पानी तेजी से बह निकला। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम रुकवाया, लेकिन तब तक काफी पानी निकल चुका था।
तालाब खाली होने से वार्ड 9, 16, 17, 18 और 19 के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जहां एक तरफ गंदगी फैल रही है, वहीं दूसरी ओर गर्मी से पहले ही पानी का संकट गहराने लगा है। यह तालाब हर साल लोगों के लिए मुख्य जल स्रोत होता है।

 

फंड नहीं मिला, फिर भी काम शुरू कराया


जानकारी के अनुसार, सितंबर 2025 में तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पास हुआ था और फंड के लिए रायपुर स्टीमेट भेजा गया था, लेकिन सरकार से न अनुमति मिली और न ही पैसा। इसके बावजूद काम शुरू कर दिया गया।

 

जांच के बाद कराया एफआईआर


17 मार्च को उपाध्यक्ष दिवाकर राणा और 12 पार्षदों ने कलेक्टर से शिकायत की। इसके बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद एफआईआर की कार्रवाई हुई है।
सीएमओ के मुताबिक, पानी बहने से इलाके का जलस्तर गिर गया है और आसपास के खेतों को भी नुकसान पहुंचा है। पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है और आगे की जांच जारी है।