कोरबा। जटगा क्षेत्र के रावा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 9 साल की मासूम बच्ची समेत महिला की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं बाइक चला रहे शख्स को चोट आई है। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ये हादसा जटगा पुलिस चैकी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि ग्राम बरीउमराव निवासी 35 वर्षीय कुंती बाई और 9 साल की मनीषा पास के ही गांव में चैथिया कार्यक्रम में शामिल होने गये थे। रात के वक्त दोनों गांव के ही एक बाइक सवार के साथ वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी रावा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला और बच्ची भारी वाहन के पहिया के नीचे आ गये।
जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। उधर इस घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। वहीं इस हादसे में घायल बाइक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी वाहन चालक हादसे के तुरंत बाद अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पतासाजी में जुट गयी है।