कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र के ग्राम रामपुर में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्व भूमि से काटी गई साल की लकड़ी ट्रक के जरिए ले जाई जा रही है।
वन मंडलाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। उप वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में पसान के वन परिक्षेत्र अधिकारी, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी और सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित अमले ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
रात करीब 1:40 बजे ओ.ए. 650 कक्ष क्षेत्र में वनोपज ले जा रहे ट्रक का पीछा किया गया। रामपुर-धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी तय करने के बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में ट्रक से साल के 15 लट्ठे बरामद हुए, जिनकी मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर और कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई। ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
वन विभाग ने ट्रक क्रमांक एमपी17 एचएच 3677 को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं और छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया है।
कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है और अवैध कटाई-परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
