कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर PM मोदी का वार

'AI समिट को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया...'

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने आज दिल्ली-मेरठ 'नमो भारत रैपिड रेल' के पूरे 82 किलोमीटर के स्ट्रेच का उद्घाटन किया. इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में विकास योजनाएं भटकती नहीं हैं.

PM Modi today inaugurate Namo Bharat Rapid Rail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के शेष हिस्सों का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद पीएम ने एक जनसभा को भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि अब योजनाएं लटकती-भटकती नहीं है. साथ ही पीएम ने एआई समिट में कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि एक वैश्विक आयोजन को कांग्रेस ने अपनी गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. 

पीएम ने मेरठ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ कर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज पहली बार, एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है. विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, ये उसकी एक शानदार झांकी है. शहर के अंदर के लिए मेट्रो और twin city के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन... मुझे संतोष है कि ये काम उत्तर प्रदेश में हुआ है.'

'AI समिट को बनाया राजनीतिक अखाड़ा'

पीएम ने कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट की आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं. अभी आपने  देखा कि भारत में दुनिया का  सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ, दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए थे. दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया.