जब बाइक पर सवार होकर पहुंचे कलेक्टर-एसपी

कोंटा। जिले के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कोंटा विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित करीगुण्डम और निमलगुड़ा गांवों का दौरा किया। नदी-नालों और घने जंगलों को पार करते हुए प्रशासनिक अमला बाइक से गांवों तक पहुंचा और ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

jagdalpur

दौरे के दौरान कलेक्टर और एसपी सीधे ग्रामीणों के घरों तक पहुंचे और उनसे संवाद कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण, शौचालय निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर और डीएफओ अक्षय भोंसले भी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मौके पर ही शिक्षादूत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फड़ मुंशी, सेल्समैन और आंगनबाड़ी सर्वेक्षक जैसे पदों के लिए युवाओं को चिन्हांकित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस पहल से युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बताया कि शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर क्षेत्र में इमली की खरीदी स्व-सहायता समूहों के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नियमितता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पेयजल और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निमलगुड़ा गांव में विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर ने तालाब गहरीकरण, भूमि समतलीकरण, देवगुड़ी निर्माण और सड़क निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने राशन वितरण, आधार और आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते, वन उपज संग्रहण तथा प्रसव के लिए अस्पताल जाने जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अधिकांश व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।

प्रशासनिक टीम के इस दौरे से दूरस्थ गांवों में शासन के प्रति विश्वास और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पहली बार वरिष्ठ अधिकारियों को अपने गांव और घर तक पहुंचते देख खुशी जताई और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

Keywords- CollectorSParrived