मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के आमाखेरवा ग्राउंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फिजियोथेरेपी कॉलेज निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

यह फिजियोथेरेपी कॉलेज परसगढ़ी क्षेत्र में लगभग 1393.71 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। इस संस्थान के बन जाने से न केवल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। अब तक इस तरह की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन इस कॉलेज के निर्माण से क्षेत्रीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, और यह फिजियोथेरेपी कॉलेज उसी दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण और उपचार की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष नई लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा,झगड़ाखांड नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव, सीएमएचओ डॉ अविनाश खरे, फिजियोथेरेपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि कॉलेज के निर्माण से मनेन्द्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा मिलेगी