बिलासपुर।अरुण साव का अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिसॉर्ट में आगमन हुआ, जहां स्थानीय छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्यों के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया। पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और उत्साह से सराबोर नजर आया।

उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान सदा सोहागी महिला स्व-सहायता समूह, सिवलखार द्वारा संचालित टाइगर केंटीन और सोविनियर शॉप का निरीक्षण किया। महिला समूह की सदस्य कु. रागिनी धुर्वे (गोंडी आर्ट पेंटिंग) और कु. तान्या मरावी ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण सशक्तिकरण का उत्कृष्ट मॉडल बताया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रशिक्षित वाइल्ड लाइफ स्निफर डॉग ‘नीतू’ रहा, जिसने सलामी देकर उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मंत्री ने वन्यजीव संरक्षण में स्निफर डॉग और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन टीम की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर अचानकमार, सिवलखार और रंजकी वन प्रबंधन समितियों द्वारा क्रय किए गए 5 नए “योद्धा (महारानी)” सफारी वाहनों का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री ने समिति अध्यक्षों को चाबी सौंपकर वाहनों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन टीम को ट्रेकिंग शू और टॉर्च वितरित किए, ताकि गश्त और सुरक्षा कार्य और प्रभावी हो सकें।
नए सफारी वाहनों के संचालन से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जंगल सफारी का अनुभव अधिक रोमांचक बनेगा। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विकास और संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में वरिष्ठ महावत शिवमोहन राजवाड़े को भी हाथियों के संरक्षण और देखभाल में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।