Raipur | प्रकृति

शिशुपाल पर्वत : छत्तीसगढ़ का नया एडवेंचर हब

ट्रैकिंग, जलप्रपात और ऐतिहासिक धरोहर का संगम बना युवाओं की पहली पसंद

रायपुर। प्रकृति, पहाड़ों और एडवेंचर के शौकीनों के लिए महासमुंद जिले के सरायपाली में स्थित शिशुपाल पर्वत एक बेहतरीन पर्यटन स्थल बनकर उभर रहा है। ट्रैकिंग और रोमांच पसंद करने वालों के बीच यह जगह तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अपनी अनूठी प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व के कारण शिशुपाल पर्वत खास पहचान बना चुका है। रायपुर से करीब 157 किलोमीटर और सरायपाली से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित यह पर्वत पर्यटकों को प्रकृति के सान्निध्य में समय बिताने का शानदार अवसर देता है।

शिशुपाल पर्वत

रोमांचक ट्रैकिंग और भव्य जलप्रपात

हरियाली की गोद में प्रकृति का अद्भुत नज़ारा

शिशुपाल पर्वत समुद्र तल से करीब 900 फीट ऊंचाई पर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए जंगलों और प्राकृतिक पगडंडियों से गुजरने वाला रोमांचक ट्रैकिंग मार्ग है। शिखर पर विस्तृत मैदान से वर्षा ऋतु में लगभग 1100 फीट नीचे गिरता जलप्रपात अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता है। हरियाली और शांत वातावरण इसे खास बनाते हैं, साथ ही पर्यटन सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक पहचान

यह स्थल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, शांति और फोटोग्राफी के लिए प्रसिद्ध है। स्थानीय लोककथाओं के अनुसार यहां कभी राजा शिशुपाल का महल था। पर्वत पर प्राचीन दुर्ग, मंदिर और तालाब के अवशेष आज भी इतिहास की गवाही देते हैं।

धार्मिक आस्था और रोजगार के अवसर

मकर संक्रांति और महाशिवरात्रि पर यहां विशाल मेला लगता है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। शासन द्वारा इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है और आसपास के प्रमुख स्थलों से जोड़ने की योजना भी है।