मंगलवार, 13 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण

TCS-अडानी समेत 4 संस्थाओं से हुआ MOU

13 अक्तू॰ 2026 1 व्यू
युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप दक्ष बनाने और बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में विभाग ने प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थाओं के साथ MOU, नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और प्रशिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता सुधार की दिशा में पहल की है।

 

दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2026 के समापन अवसर पर विभाग ने चार संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन की पहल की। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के सहयोग से इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों को CSR के तहत निःशुल्क विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अडानी समूह के सहयोग से ITI, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग के छात्रों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण मिलेगा।

 

विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए नांदी फाउंडेशन के सहयोग से सॉफ्ट स्किल, अंग्रेजी संवाद, इंटरव्यू तैयारी और पर्सनालिटी डेवलपमेंट का 48 से 50 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पिछले वर्ष 6 हजार से अधिक छात्रों को प्रशिक्षित किया गया था। इसके अलावा जंगल सफारी में विभिन्न ट्रेडों के कौशल प्रशिक्षण के लिए भी MOU की पहल की जा रही है।

 

पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के माध्यम से थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराया गया है। इसकी रिपोर्ट का विमोचन रोजगार मेले के समापन पर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने किया।

 

वहीं ITI और पॉलिटेक्निक में पुराने पाठ्यक्रमों की समीक्षा कर AI, मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीक आधारित रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। विभाग डिजिटल रोजगार पोर्टल को भविष्य में स्किल मार्केट के रूप में विकसित कर रहा है, जहां उद्योगों की जरूरत और युवाओं की प्रोफाइल एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे रोजगार प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी।