धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक सागर नगारची की जान चली गई। घटना रत्नाबांधा क्षेत्र के मुख्य मार्ग की है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार चालक ने पैदल सड़क पार कर रहे सागर को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
हादसे की पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें वाहन की अत्यधिक रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और नाकेबंदी कर फरार चालक व वाहन की तलाश की जा रही है। कोतवाली टीआई राजेश जगत के अनुसार वाहन की पहचान कर ली गई है और आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश व्याप्त है।