नई दिल्ली/रायपुर। तेल कंपनियों ने लगातार तीसरे दिन यानी बुधवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। दरअसल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमत में 25-25 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 92.5 रुपए, जबकि डीजल का दाम 82.61 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 98.36 रुपए और डीजल की कीमत 89.75 रुपए प्रति लीटर हो गई है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी 25 पैसे की बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल की कीमत 100 रुपए से पार हो गई है। आज पेट्रोल 100.8 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 103.62 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
