बिलासपुर। नेपाल में आई आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बिलासपुर ने मानवीय संवेदना दिखाई है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर ने कलेक्टर एवं अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में विशेष राशि एकत्रीकरण अभियान शुरू किया है। पहले दिन 72,600 रुपये की सहयोग राशि एकत्र की गई।
अभियान का शुभारंभ कलेक्टर अग्रवाल ने स्वयं सहयोग राशि देकर किया। इसके बाद उन्होंने रेडक्रॉस पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर, पुरानी एवं नई कंपोजिट बिल्डिंग, जिला न्यायालय और जिला पंचायत परिसर पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों से स्वेच्छा से योगदान की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सहायता के लिए आगे आना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। लोगों से सामर्थ्य अनुसार सहयोग की अपील की।
रेडक्रॉस का यह अभियान अगले 10 दिनों तक शहर के विभिन्न स्थानों पर चलेगा। एकत्रित पूरी राशि राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी, जहां से नेपाल पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए भेजा जाएगा।
अभियान में अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल, वाइस चेयरमैन प्रमोद शर्मा, सचिव डॉ. शुभा गरेवाल, अरुण चौहान, सुनील सोनथालिया, सुरेंद्र गुंबर, डॉ. राजीव अवस्थी समेत शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी सरकंडा की जूनियर रेडक्रॉस छात्राएं भी मौजूद रहीं।