मंगलवार, 22 सित॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

महतारी वंदन योजना से मिली नई दिशा

21 अप्रैल 2026 20 व्यू
महतारी वंदन योजना से मिली नई दिशा

सक्ती। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु संचालित महतारी वंदन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। इसी क्रम में विकासखंड सक्ती के ग्राम भूरसीडीह की निवासी प्रेम बाई पटेल की कहानी प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत करती है। प्रेम बाई पटेल को योजना के अंतर्गत प्रतिमाह आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हो रही है तथा उन्हें अब तक 26वीं किस्त मिल चुकी है। इस नियमित सहयोग से उनके जीवन में उल्लेखनीय सुधार आया है। प्रेम बाई ने प्राप्त राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए गुपचुप (पानीपुरी) का ठेला प्रारंभ किया। वे गांव की गलियों में घूम-घूमकर गुपचुप विक्रय करती हैं, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है।

 

वर्तमान में यह छोटा व्यवसाय उनके परिवार के लिए आय का सशक्त माध्यम बन गया है। इसके साथ ही वे इस राशि का उपयोग घरेलू आवश्यकताओं जैसे राशन एवं अन्य जरूरी सामग्री की पूर्ति में भी कर रही हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण सुगम हुआ है। प्रेम बाई बताती हैं कि पूर्व में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, किंतु अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, आत्मविश्वास बढ़ा है तथा स्वावलंबन की भावना विकसित हुई है। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।