नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत दी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए रिफिल बुकिंग की अवधि 25 दिन एक समान कर दी है।
मंत्रालय ने सोमवार को तीनों सरकारी तेल कंपनियों - इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) को इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय के पत्र के अनुसार एलपीजी सप्लाई में सुधार और रिफिल बैकलॉग कम होने के बाद यह फैसला लिया गया है।
फरवरी 2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान सप्लाई पर दबाव के कारण शहरी क्षेत्रों के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन का बुकिंग अंतराल तय किया गया था। अब व्यवस्था सुचारू होने पर सरकार ने यह भेद खत्म कर दिया है।
पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस फैसले की पुष्टि की है और कहा कि तेल कंपनियों को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।