रायपुर। राजनीतिक गलियारे में इस बात की चर्चा गर्म हो गई है कि क्या इस बार लोकसभा की सीटों में वृद्धि की जाएगी और इस पर कब तक निर्णय हो सकता है...? तो हम अब आपको बता दें कि इस पर बहुत जल्दी निर्णय आ जाने की संभावना है। छत्तीसगढ़ राज्य में लोकसभा की सीटे 11 से बढ़कर 18 तक हो सकती हैं। हां एक और महत्वपूर्ण जानकारी यह आ रही है कि इसमें से कई सीटें महिला वर्ग के लिए आरक्षित की जाएंगी। ऐसे में यहां महिला वर्ग में खुशी की लहर दौड़ सकती है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य में लोकसभा की 5 से अधिक सीट ऐसी हो गई हैं, जहां 20 लाख से अधिक मतदाता हो गए हैं। वैसे लोकसभा के सीटों की सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही इसमें बढ़ोतरी नहीं होने जा रही है वरन पूरे देश में लोकसभा की सीटे बढ़ने जा रही हैं। इस संशोधन के लिए लोकसभा और राज्यसभा में विधेयक लाया जाएगा और उसके पारित होने के बाद ही लोकसभा की सीटे बढ़ सकेगी। पता चला है कि देशभर में लोकसभा की सीटे 543 से बढ़कर 816 करने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हालांकि अभी 2 अप्रैल को लोकसभा का बजट सत्र आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया है लेकिन लोकसभा और राज्यसभा का विशेष सत्र आगामी 16 अप्रैल से 3 दिनों के लिए बुलाए जाने की संभावना है। इस सत्र में लोकसभा की सीटे बढ़ाये जाने के लिए संशोधन विधेयक लाया जा सकता है। यह विधेयक आ गया और पारित हो गया तो छत्तीसगढ़ में लोकसभा की सीटे 11 से बढ़कर 18 तक हो सकती हैं। पता चला है कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजु ने लोकसभा और राज्यसभा के विशेष क्षेत्र के बारे में विपक्ष को पूरी जानकारी दे दी है।
अब बात करें छत्तीसगढ़ की लोकसभा सीटों के बारे में, तो छत्तीसगढ़ में कई लोकसभा सीटे ऐसी हैं जहां मतदाताओं की संख्या 20 लाख से अधिक हो गई हैं, और आने वाले लोकसभा चुनाव तक यहां मतदाताओं की संख्या 25 लाख तक छू जाने की संभावना है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि जिन लोकसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या 20 लाख से अधिक हो गई है वहाँ परिसीमन कर दो लोकसभा सीटे बनाई जा सकती हैं। इसमें दूसरे लोकसभा क्षेत्र से भी कुछ इलाकों को जोड़ा जा सकता है। वैसे यहां ज्यादातर लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 15 लाख से ऊपर हो गई है।