कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पाली थाना क्षेत्र के शांति बस्ती (वार्ड नंबर-9) में एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात बुधवार तड़के 4 से 5 बजे के बीच की है।
आरोपी रमेश डोंगरे (40) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ उसके घर में ही रह रहा था। दोनों की दूसरी शादी थी और कोई बच्चा नहीं था। रमेश नया घर बनाकर शिफ्ट होने का दबाव बना रहा था, पत्नी विरोध कर रही थी। बुधवार सुबह इसी बात पर तीखी बहस हुई।
गुस्से में रमेश ने घर में रखे सीमेंट के भारी डंबल से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर में ही रहा। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पाली पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।