रायपुर। एमबीबीएस की फर्जी डिग्रियां तैयार करने और पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 52 अभ्यर्थियों से 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायपुर पुलिस के सेंट्रल जोन ने पूरे मामले का खुलासा किया। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का सरगना केवल दसवीं पास है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मामले की जानकारी डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने दी। प्रार्थी संजय निराला की शिकायत पर पोस्टमैन और पोस्टमास्टर की नौकरी दिलाने के नाम पर 2.34 करोड़ रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया। सिविल लाइन थाने में नरेश मनहर और उसके साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। नरेश मनहर खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताता था और अपने सहयोगियों भुवनेश्वर बंजारे, राकेश रात्रे समेत अन्य के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करता था।
आरोपियों ने डाक के माध्यम से 52 आवेदकों के पते पर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे, जिससे पीड़ितों को नौकरी मिलने का विश्वास हो गया और उन्होंने आरोपियों को रकम सौंप दी। डीसीपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद फर्जी एमबीबीएस डिग्री का खुलासा
केंद्रीय क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त उमेश गुप्ता ने बताया कि सरगना नरेश मनहर, जो दसवीं पास है, फर्जी एमबीबीएस डिग्री बनाकर बेचता था। जांच में डीवाय पाटिल विद्यापीठ यूनिवर्सिटीवि के नाम से जारी डिग्री की प्रति और खाते में 40 लाख रुपये के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।
आरोपी फर्जी कार्यालय चलाकर डाक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। गिरोह में पैसे वसूली, दस्तावेज संग्रह और जाली नियुक्ति पत्र छापने का अलग-अलग काम बांटा गया था।
गिरफ्तार हुए आरोपी
नरेश मनहर पिता भरत लाल मनहर उम्र 24 साल निवासी ग्राम ताल देवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर चांपा हाल पता- सेक्टर 08 शिव मंदिर सड्डु रूखमणी शर्मा का मकान थाना पंडरी जिला रायपुर
भुनेश्वर बंजारे पिता गीताराम बंजारे उम्र 26 साल निवासी छुईहा घासीदास चौक के पास थाना बिलाईगढ जिला सारंगढ हाल पता- केनरा बैंक एटीएम के सामने बबली फैसी स्टोर्स गली थाना विधानसभा जिला रायपुर
हीरा दिवाकर पिता पारस राम दिवाकर उम्र 31 साल निवासी- ग्राम ताल देवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर चांपा हाल पता- सेक्टर 08 शिव मंदिर सडड् रूखमणी शर्मा का मकान थाना पण्डरी जिला रायपुर
राकेश रात्रे पिता समारू राम रात्रे उम्र 32 साल निवासी ग्राम ताल जांजगीर चांपा हाल पता- सेक्टर 08 शिव मंदिर सड्डु रूखमणी शर्मा जिला रायपुर