भारत और वेस्टइंडीज की टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में आज आमने-सामने होंगी। सीरीज में अब तक खेले गए 3 मुकाबलों में से 2 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबले में मेहमान टीम ने जीत दर्ज की। इस तरह भारत के पास अभी सीरीज में 2-1 की बढ़त है। आज भारतीय टीम के पास मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका होगा। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-2 से बराबरी करना चाहेगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
बता दें कि सीरीज के पहले मैच में भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने वापसी की और इंदौर के होल्कर स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर सीरीज में बढ़त बना ली।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 6:30 बजे होगा। मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।