शुक्रवार, 11 सित॰ 2026 हिंदी | EN
विश्व

गाजा में युद्धविराम के बावजूद इजराइली हमले जारी

2 बच्चों समेत 5 फिलिस्तीनियों की मौत

09 सित॰ 2026 5 व्यू
गाजा में युद्धविराम के बावजूद इजराइली हमले जारी

नई दिल्ली। युद्धविराम के बावजूद इजराइली हमले नहीं थम रहे हैं। फिलिस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक ताजा हमलों में दो बच्चों समेत 5 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है।

फिलिस्तीनी शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि 7 साल की वफा अकीला और उनके पिता की हवाई हमले में मौत हो गई, जब वे नए सत्र से पहले स्कूल का सामान खरीदकर लौट रहे थे। कुछ घंटे बाद ही देइर अल-बलाह में विस्थापितों के शरण स्थल के रूप में इस्तेमाल हो रहे सकीना स्कूल पर इजराइली तोपखाने ने हमला किया, जिसमें पहली कक्षा के छात्र सादी गालिया की मौत हो गई।

शिक्षा मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि दुनिया भर में बच्चे नए सत्र की तैयारी कर रहे हैं, वहीं गाजा में बच्चों को हिंसा का सामना करना पड़ रहा है।

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में 5 लोगों की मौत और 30 घायल हुए हैं, जबकि पहले के हमलों में घायल 2 अन्य ने भी दम तोड़ दिया। मंत्रालय के अनुसार अक्टूबर में युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 1,352 लोग मारे गए और 4,511 घायल हुए हैं, जबकि अक्टूबर 2023 से अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 73,658 पहुंच चुका है।