गरियाबंद। जिले में फिल्म पुष्पा की तर्ज पर सागौन तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तस्कर उदंती नदी के बहाव का सहारा लेकर बेशकीमती सागौन के लट्ठों को छत्तीसगढ़ से ओडिशा पहुंचाने की फिराक में थे, लेकिन वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 फरार हैं।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की स्मार्ट सर्विलांस व्यवस्था और मुखबिर तंत्र से वन अमले को तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग और गरियाबंद पुलिस ने नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी। जांच में पता चला कि तस्कर नदी में लट्ठे बहाकर ओडिशा की ओर ले जा रहे थे। घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों के तार छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों से जुड़े हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी कोशिश
वन विभाग के अनुसार पिछली बारिश में भी नदी के बहाव से तस्करी करते एक आरोपी को पकड़ा गया था। इसके बाद से बारिश के मौसम में नदी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।