कोरबा। छात्राओं से मालिश और घरेलू काम कराने के आरोप में पोड़ी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर कन्या छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम को निलंबित कर दिया गया है। बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा रहेगा।
दरअसल, 6 अगस्त को छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। आरोप था कि अधीक्षिका उनसे निजी काम, मालिश करवाती हैं और अभद्र व्यवहार करती हैं। भोजन की गुणवत्ता खराब होने की भी शिकायत थी।
एसडीएम ने तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की जांच समिति बनाई थी। जांच में छात्राओं के आरोप सही पाए गए। मेन्यू के अनुसार खाना नहीं देना, खराब भोजन, देर रात पूजा-पाठ और घंटी बजाकर पढ़ाई में बाधा डालने के आरोप भी सही मिले। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर संयुक्त संचालक ने इसे गंभीर कदाचरण मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत निलंबन किया। शारदा नेताम मूल रूप से शा. पू. मा. शाला अमलडीहा में सहायक शिक्षक एलबी हैं और प्रतिनियुक्ति पर छात्रावास प्रभारी थीं।