दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए भीषण इमारत हादसे ने दुर्ग के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम का छात्र था और महज तीन दिन पहले ही छुट्टियां बिताकर दुर्ग से वापस दिल्ली लौटा था।
दोस्त से बात करते-करते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त युवराज अपने दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। दोनों बाहर घूमने का प्लान बना रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक युवराज की आवाज आनी बंद हो गई। आर्यन हेलो-हेलो कहता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं आया और करीब एक मिनट बाद कॉल कट गई। संपर्क नहीं होने पर आर्यन को पता चला कि सत्य निकेतन में इमारत गिरी है।
चिंतित आर्यन तुरंत घटनास्थल पहुंचा, जहां रेस्क्यू चल रहा था। कुछ घंटों बाद उसे पता चला कि युवराज की मौत हो गई है और शव एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है।
परिजन दिल्ली रवाना
खबर मिलते ही दुर्ग में मातम पसर गया और परिजन तुरंत दिल्ली रवाना हो गए। 20 साल के युवराज के भविष्य के सपने इस हादसे में खत्म हो गए।
कैसे गिरा सत्य निकेतन?
दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे तीन मंजिला पुरानी इमारत सत्य निकेतन का हिस्सा भरभराकर गिर गया। बेसमेंट में पानी भरा था और मरम्मत चल रही थी, इसी दौरान एक पिलर को नुकसान पहुंचा और पूरी इमारत ढह गई। इस इमारत में कॉलेज के छात्र PG के तौर पर रहते थे। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है।