मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और महंगे बिजली बिलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चिरमिरी में विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस का आरोप है कि नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिल 4 से 5 गुना बढ़ गए हैं, जिससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें स्मार्ट मीटर स्थापना पर तुरंत रोक, लगे हुए मीटर हटाकर पुराने पारंपरिक मीटर बहाल करने, ज्यादा बिलों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाने, चिरमिरी में विद्युत तंत्र का विस्तार और बढ़ी दरें वापस लेने की मांग शामिल है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि 15 दिन से एक महीने के भीतर समाधान नहीं हुआ तो आम जनता के साथ प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा। अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कांग्रेस ने कहा है कि राहत मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।