रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की शिक्षिका सुनीता यादव का चयन हुआ है। वे प्रदेश से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित एकमात्र शिक्षिका हैं। शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल और चेक देकर सम्मानित किया जाएगा।सुनीता यादव बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी में पदस्थ हैं। उन्होंने शिक्षा को नवाचार, साहित्य और तकनीक से जोड़कर सीखने को सरल और रोचक बनाया है।
अंतिम पंक्ति के बच्चों पर विशेष ध्यान
शिक्षिका सुनीता यादव कक्षा के अंतिम पायदान के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करती हैं। बच्चों के पोषण के लिए अपने खर्च से नियमित दूध उपलब्ध कराती हैं और न्योता भोजन के लिए भी प्रेरित करती हैं।
तकनीक और फिल्मों से पढ़ाई
सुनीता दीक्षा एप, स्टोरीवीवर, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट और स्वयं के अभिनय वाली लघु फिल्मों के जरिए विषयों को सहज बनाती हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर उन्होंने शोध पत्र भी लिखा है और बिलासपुर में आदिवासी बच्चों के लिए निशुल्क समर कैंप में अध्यापन किया है।
उन्हें 2024 में राज्य शिक्षक सम्मान और 2025 में पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण मिल चुका है। वे सीड बॉल निर्माण और सैनिकों के लिए राखी बनाने जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं।